आप को बता दे
समाचार: नगर निकाय निर्वाचन तैयारियों में जुटा प्रशासन, जिलाधिकारी ने दी कड़े निर्देश
देहरादून, 13 जनवरी 2025
नगर निकाय निर्वाचन के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मतदान और मतगणना में कम समय बचा है, ऐसे में हर स्तर पर व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में समस्त आरओ, एआरओ और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने नगर निकाय निर्वाचन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान एवं मतगणना के शेष समय को गंभीरता से लेते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें।

निर्वाचन कार्यों में आरओ की भूमिका पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन में आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सभी आरओ को अपने क्षेत्र के सैक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के साथ तालमेल बनाए रखने और गाइडलाइन्स का गहन अध्ययन करने की सलाह दी गई। किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका तुरंत समाधान करने को कहा गया।
पोलिंग पार्टियों और सुरक्षा व्यवस्था पर निर्देश
जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, बूथ पर सुरक्षित पहुंचने और रात्रि विश्राम की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और पुलिस अधीक्षक यातायात को संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण कर सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए कहा।

मूलभूत सुविधाओं पर जोर
नगर निगम और नगर पालिका परिषदों के साथ जुड़े नोडल अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
उपस्थित अधिकारी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत, अपर नगर आयुक्त हेमंत, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह समेत सभी आरओ, एआरओ, नोडल और सह नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



