देहरादून(उत्तराखंड): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तराखंड में भी आजादी का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में खास तौर पर जेन-जी यानी नई युवा पीढ़ी को केंद्र में रखा. उन्होंने युवाओं के शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता से जुड़े भविष्य को मजबूत करने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति को सही दिशा देकर प्रदेश के विकास में भागीदार बनाया जाएगा. इसी क्रम में राज्य में पहली बार युवा आयोग स्थापित करने की घोषणा की गई. इसका उद्देश्य युवाओं की नीति निर्धारण में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना और उनकी समस्याओं व अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना होगा. सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भी मुख्यमंत्री ने अहम घोषणा की. मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू की जाएगी. इसके तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी. योजना के लिए सरकार ने 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है.



