आप को बता दे
हरिद्वार में युवा धर्म संसद: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का युवाओं से संवाद, भारतीय संस्कृति को सशक्त बनाने का आह्वान

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार में आयोजित युवा धर्म संसद में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने युवाओं के साथ संवाद किया और साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस धर्म संसद के विचार मंथन से जो अमृत-तुल्य निष्कर्ष निकलेंगे, वे भारतीय संस्कृति के प्रति युवाओं में नवचेतना, नवोन्मेष और अखंडता का संचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारतीय संस्कृति का गौरवशाली परचम पूरे विश्व में लहराया जा रहा है। हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने और समृद्ध बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति और उसके मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश की अखंडता और एकता को और सशक्त बनाने के लिए आगे आएं। धर्म संसद के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने का यह प्रयास भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें संरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने इतिहास और सांस्कृतिक धरोहरों पर गर्व करना चाहिए, और इसे विश्व पटल पर और भी मजबूती से स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए।




