आप को बता दे
उत्तराखंड में महिला किसानों को मिलेगा विशेष सम्मान, मुख्यमंत्री धामी करेंगे पुरस्कृत
कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर महिलाएं जैविक खेती, आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर कृषि में नए आयाम स्थापित कर रही हैं। ऐसे में सरकार द्वारा उनके योगदान को मान्यता देना न केवल उनका मनोबल बढ़ाएगा बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेगा। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार ने इस बार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की प्रगतिशील महिला किसानों को सम्मानित करने की योजना बनाई है।
राज्य सरकार करेगी महिला किसानों का सम्मान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड सरकार इस वर्ष पहली बार कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित करेगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने न्यू कैंट रोड स्थित कार्यालय में बैठक कर कृषि विभाग के अधिकारियों को इस समारोह की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।
बताया गया है कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला किसानों को “उत्तराखंड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान” से नवाजा जाएगा। इसके लिए कृषि और रेखीय विभागों से समन्वय स्थापित कर पात्र महिलाओं का चयन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे सम्मान समारोह का नेतृत्व
जानकारी के मुताबिक, यह प्रदेश का पहला अवसर होगा जब कृषि क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सरकारी स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे और वे स्वयं इन महिला किसानों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन राजधानी देहरादून में प्रदेश स्तरीय स्तर पर किया जाएगा।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
बैठक में कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग इस समारोह के सफल आयोजन के लिए समन्वय बनाकर कार्य करें। इसके तहत कृषि विभाग और जैविक उत्पाद बोर्ड सहित अन्य संबद्ध संस्थानों को पत्राचार कर इस संबंध में विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, जैविक उत्पाद बोर्ड के एमडी विनय कुमार, और बागवानी मिशन के निदेशक महेन्द्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



