आप को बता दे
उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त और विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश के सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत विभागीय अधिकारियों के साथ नीदरलैंड के दौरे पर हैं। इस दौरे में वे नीदरलैंड के सबसे बड़े वित्तीय सेवा संस्थाओं में से एक, राबोबैंक समूह की सहकारी सिद्धांतों पर आधारित वित्तीय प्रबंधन प्रणाली का अवलोकन करेंगे।
नीदरलैंड से जारी अपने बयान में डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस दौरे का आयोजन नाबार्ड द्वारा किया गया है, जिसमें विभिन्न वित्तीय संस्थानों के साथ सहकारिता क्षेत्र की विकास संबंधी अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला है। इस दौरे में विशेषज्ञों द्वारा कोऑपरेटिव गवर्नेंस, वेल्यू चेन फाइनेंस, ग्रामीण वाणिज्यिक विकास, हॉल्टीकल्चर, फ्लोरीकल्चर, डेयरी विकास, खाद्य एवं कृषि अनुसंधान जैसे प्रमुख विषयों पर प्रस्तुतिकरण दिया जायेगा।
डॉ. रावत ने बताया कि राबोबैंक नीदरलैंड के सबसे बड़े वित्तीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जो कि सहकारी सिद्धांतों के तहत काम करता है और कृषि वित्तपोषण के क्षेत्र में अग्रणी है। इसके माध्यम से प्रदेश के काश्तकारों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंच सकता है।



