आप को बता दे
साइबर सुरक्षा अभियान: देहरादून में जागरूकता शिविर और नुक्कड़ नाटक का आयोजन

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए, समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। विशेष रूप से ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों से लोग प्रभावित हो रहे हैं। इस दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साइबर सुरक्षा अभियान के तहत गांधी पार्क, देहरादून में आज 8 जनवरी 2025 को एक जागरूकता शिविर एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया।

इस कार्यक्रम की अगुवाई सचिव श्रीमती सीमा डूंगराकोटी द्वारा की गई, जिनके मार्गदर्शन में बुरांश संस्था ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम जनमानस को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के उपायों के बारे में बताया। नुक्कड़ नाटक ने लोगों को जागरूक किया कि वे किस तरह से साइबर अपराधों से बच सकते हैं और क्या कदम उठा सकते हैं।
इसके बाद, साइबर सेल देहरादून के उप निरीक्षक श्री रविंद्र सिंह नेगी ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी लिंक से कोई ऐप डाउनलोड नहीं करना चाहिए, किसी बैंक या कंपनी की वेबसाइट पर जाने से पहले उसकी सत्यता जांचनी चाहिए, क्यूआर कोड से भुगतान करते समय सतर्क रहना चाहिए, और सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्ज करते समय अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखना चाहिए। इसके अलावा, ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक करवा लेना चाहिए और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर जानकारी देनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन उमेश्वर रावत, अधिकार मित्र/प्राविधिक कार्यकर्ता ने किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, और नालसा टोल फ्री नंबर 15100 पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।



