आप को बता दे
कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा हिलट्रोन एकेडमी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और नागरिकों को सुरक्षित साइबर व्यवहार की जानकारी देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशानुसार जनपद पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, आज कोतवाली पिथौरागढ़ के एसएचओ ललित मोहन जोशी और उ0नि0 मनोज जलाल द्वारा हिलट्रोन एकेडमी (कम्प्यूटर कोचिंग संस्थान) में एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को साइबर अपराध के प्रकारों, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति सचेत किया गया। इसके साथ ही, साइबर अपराध से बचाव के उपाय, सुरक्षित पासवर्ड प्रबंधन, दो-स्तरीय सत्यापन (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस मौके पर छात्रों को जागरूक करते हुए साइबर अपराध की रोकथाम हेतु निम्नलिखित महत्वपूर्ण सलाह दी गई:
➡ किसी भी अज्ञात लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर क्लिक न करें।
➡ ऑनलाइन बैंकिंग करते समय सावधानी बरतें और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
➡ अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को सुरक्षित रखें और प्राइवेसी सेटिंग्स का ध्यान रखें।
➡ साइबर अपराध से संबंधित किसी भी संदेहजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) के बारे में भी जानकारी दी, जहां वे साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
जनपद पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकें।




