आप को बता दे
ऑपरेशन स्माइल के तहत जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 14 वर्षीय बालिका को परिजनों से मिलवाया
समाज में बढ़ते गुमशुदा बच्चों और महिलाओं के मामलों को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने राज्यभर में “ऑपरेशन स्माइल” अभियान शुरू किया था। इस अभियान का उद्देश्य खोए हुए बच्चों और महिलाओं को उनके परिवारों से पुनः मिलवाना है। यह अभियान 15 अक्टूबर 2024 से प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।
इसके तहत, जीआरपी की ऑपरेशन स्माइल टीम ने हाल ही में हरिद्वार स्टेशन पर एक 14 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद किया। लड़की, जो अपने घर से नाराज होकर भागी थी, हरिद्वार के टिकट घर के पास परेशान खड़ी थी। जीआरपी के कांस्टेबल ने लड़की से पूछताछ की और पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के देवपुरम इलाके की रहने वाली है।
बालिका को सुरक्षित रूप से जीआरपी थाना हरिद्वार लाया गया, जहां महिला आरक्षी की मदद से उसे महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया गया। बाद में लड़की के परिजनों को सूचना दी गई और वे बालिका को लेकर थाने पहुंचे।
जीआरपी की इस कार्रवाई के लिए बालिका के परिजनों ने ऑपरेशन स्माइल टीम का आभार व्यक्त किया।



