आप को बता दे
देहरादून: राज्य स्थापना दिवस पर उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से सम्मानित हुए प्रख्यात हस्तियां, मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विकास का खाका पेश किया

देहरादून में पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्थापना दिवस के भव्य समारोह में माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड की प्रख्यात हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “उत्तराखण्ड गौरव सम्मान” से नवाजा गया। सम्मान पाने वालों में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, प्रसिद्ध लोक गायक प्रीतम भरतवाड़, समाजसेवी और आध्यात्मिक गुरु माता मंगला, अभिनेता हेमंत पांडेय, और चिकित्सा क्षेत्र में अपना योगदान देने वाले डॉ. महेश कुड़ियाल शामिल रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य की “डबल इंजन” सरकार उत्तराखंड को एक अग्रणी राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने बताया कि 2030 तक सभी 50 से अधिक जनसंख्या वाले गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक समग्र नीति तैयार की जा रही है।

महिलाओं और युवाओं के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही “महिला नीति” अधिसूचित करेगी, और “युवा नीति” भी तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री धामी ने यह भी घोषणा की कि अन्य राज्यों और विदेशों में रहने वाले उत्तराखंडी प्रवासियों से जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल नवंबर में “राष्ट्रीय उत्तराखण्डी प्रवासी दिवस” और जनवरी में “अंतर्राष्ट्रीय उत्तराखंडी प्रवासी दिवस” का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य के निर्माण में जनता से सहयोग की अपील की।



