आप को बता दे
उत्तराखंड में हवाई संपर्क में नई पहल, देहरादून से जोशियाड़ा और गौचर के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का शुभारंभ
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हवाई सेवाओं में एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना’ के तहत देहरादून से जोशियाड़ा (उत्तरकाशी) और गौचर (चमोली) के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसके साथ ही दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए विमान सेवा का भी उद्घाटन किया गया।

इन नई हवाई सेवाओं के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी और इससे दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
सरकार की उड़ान योजना के तहत राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से 10 हेलीपोर्ट्स पर पहले से ही हवाई सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। इन सेवाओं से न केवल स्थानीय निवासियों को लाभ मिलेगा बल्कि राज्य में पर्यटन उद्योग को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी।



