आप को बता दे
प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी भाई-बहनों का किया स्वागत, ‘देवभूमि रजत उत्सव’ का लोगो और विशेष परफ्यूम का हुआ अनावरण

देहरादून: उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित प्रथम ‘प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन’ में देश-विदेश से आए प्रवासी उत्तराखण्डी भाई-बहनों का हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें संबोधित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘देवभूमि रजत उत्सव 9 नवंबर 2024-25’ का लोगो और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का विशेष परफ्यूम लॉन्च किया, जो राज्य की विशिष्टता और प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रवासी उत्तराखण्डियों के योगदान को सराहा और कहा कि, “प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन हमारे राज्य और प्रवासी भाई-बहनों के बीच सांस्कृतिक और विकास के सेतु का कार्य करेगा। राज्य से दूर होने के बावजूद प्रवासी उत्तराखण्डियों ने अपनी मातृभूमि की भाषा, बोली और परंपराओं को संजोकर रखा है, जो अत्यंत सराहनीय है।”

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ‘प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद’ के गठन की घोषणा की, जो प्रवासियों को राज्य से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का एक प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य की प्रमुख जानकारियां और विकास में योगदान के अवसरों को साझा करने के लिए एक वेबसाइट भी बनाई जा रही है। इस वेबसाइट के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य से जुड़े सभी अपडेट्स प्राप्त कर सकेंगे और उत्तराखण्ड की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं, और विकास यात्रा पर प्रवासियों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया, साथ ही राज्य के विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।



