आप को बता दे
नई दिल्ली में नवनिर्मित ‘उत्तराखण्ड निवास’ का लोकार्पण, उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में स्थित उत्तराखण्ड के नवनिर्मित अतिथि गृह ‘उत्तराखण्ड निवास’ का उद्घाटन आज उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस भवन को पहाड़ी शैली में निर्मित किया गया है, जो प्रदेश की अद्वितीय कला, वास्तुकला, और संस्कृति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस भवन के निर्माण से राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले उत्तराखण्डवासियों को एक सुरक्षित, सुविधाजनक, और घर जैसा माहौल मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि ‘उत्तराखण्ड निवास’ में प्रदेश की लोक संस्कृति और लोक कला को बढ़ावा देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां आने वाले आगंतुकों को उत्तराखण्ड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा, जिससे वे हमारी सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ाव महसूस करेंगे। साथ ही भवन में श्री अन्न, जैविक उत्पादों और उत्तराखण्ड में बने अन्य उत्पादों की बिक्री की भी व्यवस्था होगी, जिससे प्रदेश के उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और आर्थिक संवर्धन होगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आगामी 9 नवंबर को उत्तराखण्ड अपने राज्य निर्माण कीरजत जयंती में प्रवेश कर रहा है। इस गौरवमयी अवसर पर ‘उत्तराखण्ड निवास’ का उद्घाटन प्रदेश के विकास और ‘श्रेष्ठ राज्य’ के संकल्प की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन न केवल प्रदेशवासियों के लिए ठहरने का स्थान बनेगा, बल्कि उत्तराखण्ड की कला, संस्कृति और परंपरा का केंद्र भी होगा।




