आप को बता दे
देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब में दीपावली महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, पत्रकारों के कल्याण के लिए कई घोषणाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में दीपावली महोत्सव में हिस्सा लिया और सभी पत्रकारों व प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और मीडिया न केवल जनता को सरकार की योजनाओं से अवगत कराता है, बल्कि उनकी समस्याओं को भी सरकार तक पहुंचाने का कार्य करता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को मजबूत बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उनकी सरकार ने पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि की है और देहरादून में विभिन्न जिलों से आने वाले पत्रकारों के लिए सूचना विभाग के माध्यम से रहने की व्यवस्था में सहयोग देने का भी निर्णय लिया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष में ₹2 करोड़ की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पत्रकारों के कल्याण को प्राथमिकता देना है ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन बिना किसी चिंता के कर सकें।



