आप को बता दे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में 19 विभागों में चयनित 289 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी अधिकारी अमृतकाल के कर्मयोगी और प्रदेश की विकास यात्रा के सहयात्री हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जिस भी विभाग में कार्यभार ग्रहण करेंगे, वहां नवाचार, निष्ठा और सेवा भाव को प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि ये अधिकारी राष्ट्र निर्माण और प्रदेश की प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और सरकार तथा आमजन के बीच एक मजबूत कड़ी साबित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षाओं के आयोजन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब तक विभिन्न विभागों में 17,500 से अधिक रिक्त पदों को भरा जा चुका है और यह प्रक्रिया निरंतर गतिमान है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें प्रदेश की सेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया।




