आप को बता दे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से देहरादून-अल्मोड़ा हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ

देहरादून। सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट, देहरादून में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरसीएस उड़ान योजना के तहत हेलीपोर्ट के विकास और विस्तार कार्यों का लोकार्पण किया तथा देहरादून-अल्मोड़ा हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अल्मोड़ा जाने वाले यात्रियों से भी संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। अब तक प्रदेश के 10 हेलीपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है।

धामी ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही यमुनोत्री, गौचर और जोशियाड़ा के लिए भी सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही, दिल्ली-पिथौरागढ़ के लिए हवाई लैंडिंग का ट्रायल सफल रहा है और इस सेवा को भी जल्द ही शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, स्थानीय लोगों की आवाजाही सुगम हो रही है, और स्वास्थ्य और आपदा के समय में हवाई सेवाएं वरदान साबित हो रही हैं।



