आप को बता दे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कृषि क्षेत्र में की गई प्रगति की समीक्षा
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में कृषि और उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में किसानों की आर्थिकी बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एप्पल और कीवी मिशन के अंतर्गत तेजी से कार्य किया जाए और पॉलीहाउस के निर्माण में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “हमारा प्रयास है कि कृषि यंत्रीकरण योजना से प्रदेश के किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए। इस योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके।”
उन्होंने आगे कहा, “हम प्रदेश के किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और कृषकों की आय में वृद्धि करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए संकल्पित है और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर रही है।”
मुख्यमंत्री धामी के इन निर्देशों से यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिकी और कृषि विकास को प्राथमिकता दे रही है, जिससे उत्तराखंड के किसानों की आय में वृद्धि हो सके और उन्हें बेहतर जीवन स्तर प्राप्त हो।



