आप को बता दे
देहरादून में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में प्रतिभाग करने वाले श्री लक्ष्य सेन, परमजीत सिंह, सूरज पंवार, और अंकिता ध्यानी को सम्मानित करते हुए ₹50-50 लाख की धनराशि के चेक प्रदान किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 3900 प्रतिभावान खिलाड़ियों के खाते में DBT के माध्यम से ₹58.50 लाख की धनराशि का हस्तांतरण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के खाते में भी ₹7.4 करोड़ की धनराशि का हस्तांतरण किया। कार्यक्रम के दौरान 38वें राष्ट्रीय खेलों की वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के साथ-साथ, उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कारों की शुरुआत की गई है, जिससे प्रदेश में खेलों का विकास हो सके और खिलाड़ी प्रोत्साहित हों।




