आप को बता दे
रुद्रप्रयाग, 25 अप्रैल 2025: आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह से तैयार है। यात्रा ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों को आज पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल से श्रद्धालुओं के साथ उत्तराखण्ड पुलिस के ध्येय वाक्य ‘मित्रता, सेवा, सुरक्षा’ और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप व्यवहार करने का आह्वान किया। यात्रा पर रवाना होने से पूर्व सभी पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 2 मई 2025 को खुलने वाले हैं। जनपद पुलिस ने यात्रा के कुशल प्रबंधन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। केदारनाथ धाम सहित सभी पैदल यात्रा मार्गों और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सभी पुलिस कर्मियों को कल शनिवार तक अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

ड्यूटी स्थलों पर रवाना होने से पहले, आज रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने पुलिस बल को ब्रीफ किया। ब्रीफिंग से पूर्व पुलिस लाइन मैदान में शुक्रवार की साप्ताहिक परेड आयोजित की गई, जिसमें टोलीवार ड्रिल, शस्त्राभ्यास और दैनिक कर्तव्यों में उपयोग होने वाली कवायद का अभ्यास कराया गया, ताकि पुलिस बल की शारीरिक फिटनेस को परखा जा सके।
पुलिस बल को संबोधित करते हुए एसपी रुद्रप्रयाग ने व्यवहार और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सौम्य और मधुर व्यवहार किया जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत का कोई अवसर न दिया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं द्वारा पूछी गई जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि सभी ड्यूटी स्थलों पर पुलिस कर्मियों के लिए आवास और बुनियादी सुविधाओं सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के साथ उचित समन्वय बनाकर कर्तव्य निर्वहन करने और बाहरी जनपदों से आ रहे पुलिस बल के साथ मिलकर यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग की पहल पर मेदान्ता अस्पताल प्रबंधन द्वारा केदारनाथ यात्रा ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। डॉक्टरों की टीमों ने आधुनिक उपकरणों से पुलिस बल के रक्तचाप, शुगर लेवल और ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं और उन्हें उचित परामर्श दिया। इस पहल से ड्यूटी पर जाने वाले पुलिस कर्मियों को अपनी फिटनेस के बारे में जानकारी मिली और वे निश्चिंत होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, यातायात निरीक्षक श्याम लाल, एसएचओ रुद्रप्रयाग मनोज नेगी, एसएचओ ऊखीमठ मुकेश चौहान, एसओ अगस्त्यमुनि महेश रावत, वाचक सुरेश चन्द्र बलूनी, निरीक्षक एलआईयू मनोज बिष्ट, प्रभारी फायर गणनाथ सिंह, प्रभारी वायरलेस कपिल नैथानी सहित पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और सभी थाना चौकियों पर नियुक्त पुलिस बल उपस्थित रहा।



