आप को बता दे
साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला अपराधों और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
आजकल साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और महिला सुरक्षा से संबंधित अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही, नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रयोग युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इन गंभीर मुद्दों से निपटने के लिए समाज में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है।

जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना छाम द्वारा 25 नवम्बर 2024 को राजकीय इंटर कॉलेज कमांद में एक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में हुआ। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए।
कार्यक्रम में साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराध, सड़क सुरक्षा उपायों, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, और आत्मरक्षा के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों को सोशल मीडिया के सही उपयोग के बारे में बताया गया और उन्हें साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही, छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और बाल अपराधों के लिए 1098 पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस एप के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ गौरा शक्ति एप के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि महिलाएं अपनी सुरक्षा के लिए इस एप का उपयोग कर सकें।



