आप को बता दे
देहरादून: जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में विकास योजनाओं का किया उल्लेख

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार के जमुई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सेवक सदन, देहरादून से वर्चुअल रूप से सहभागिता की। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में आदिवासी समुदायों के समग्र विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही, उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के कुल्हा और कोटद्वार के लछमपुर में पीएम जनमन योजना के तहत दो हॉस्टल भवनों का शिलान्यास भी किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आजीविका, बुनियादी ढांचे में सुधार और संस्कृति के संरक्षण हेतु कई प्रभावी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जो ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दृष्टिकोण को साकार कर रहे हैं।



