आप को बता दे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1094 कनिष्ठ अभियंताओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, युवाओं से नवाचार की उम्मीद

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वर्चुअल माध्यम से राज्य कनिष्ठ अभियंता सेवा परीक्षा, 2023 के तहत लोनि विभाग, ग्रामीण निर्माण, सिंचाई, लघु सिंचाई और पंचायती राज विभाग में चयनित 1094 कनिष्ठ अभियंताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अभियंताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नए युग के अभियंता हैं, और उनकी कार्यशैली में नवाचार झलकना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि ये अभियंता उत्तराखंड के सशक्त, समृद्ध और विकसित निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पिछले तीन वर्षों में 17,000 से अधिक सरकारी नौकरियों को पारदर्शी तरीके से देने का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून लागू किया है, जिसके चलते परीक्षाएं समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो रही हैं। उन्होंने इस प्रक्रिया को उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करने की अपील की।




