आप को बता दे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम का किया शुभारंभ

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संचालित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खुद प्लास्टिक की बोतल पर बारकोड स्कैन करके डिजिटल पेमेंट प्राप्त किया, जिससे प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस सिस्टम के लागू होने से प्लास्टिक को रिसाइकल करने में मदद मिलेगी और “क्लीन एंड ग्रीन उत्तराखंड” की परिकल्पना को मजबूती मिलेगी। यह पहल चारधाम यात्रा और अन्य पर्यटन स्थलों पर कूड़े की मात्रा को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी, जिससे स्वच्छ वातावरण का निर्माण हो सकेगा।

उन्होंने आगे कहा कि नदियां, जंगल और पहाड़ हमारी धरोहर और पहचान हैं, और प्लास्टिक का उपयोग इन धरोहरों के लिए खतरा पैदा कर रहा है। राज्य सरकार इन समस्याओं के निस्तारण के लिए विज्ञान और आधुनिक तकनीक का उपयोग करके कार्य कर रही है।



