नशामुक्त भारत पखवाड़ा” के तहत जनजागरूकता अभियान को मिली नई गति, टिहरी पुलिस एवं ब्रह्मकुमारी संस्था ने चलाया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

पहाड़ की दहाड़ न्यूज
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 12 जून से 26 जून तक संचालित “नशामुक्त भारत पखवाड़ा” के अंतर्गत आज गब्बर सिंह चौक, चंबा में कोतवाली चंबा पुलिस एवं ब्रह्मकुमारी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी संस्था द्वारा विशेष मोबाइल वैन में एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था कर नशा मुक्ति विषयक प्रेरणादायक लघु वीडियो क्लिप एवं जनजागरूकता संदेशों का प्रदर्शन किया गया। चौक पर उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं राहगीरों ने इन वीडियो संदेशों को देखा तथा नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं ब्रह्मकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को प्रभावित करता है। सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के समापन पर नशा मुक्ति जनजागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह मोबाइल वैन आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न गांवों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर “नशामुक्त भारत पखवाड़ा” के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी तथा लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी।
जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए टिहरी पुलिस की जागरूकता एवं प्रवर्तन की कार्यवाही समानांतर रूप से जारी रहेगी तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से “नशामुक्त भारत पखवाड़ा” के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
“नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” एवं “स्वस्थ युवा – सशक्त भारत” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
पहाड़ की दहाड़ न्यूज़ पर हर ताजी खबर Update सबसे पहले अपने फोन पर देखने के लिए नीचे दिए गए QR को Google Camera खोलकर Scan करें 👇

*हमारे सभी Channel को Follow करें*
आप सभी को कैसा लगता है हमारा काम?
Social Media पर Review देकर बढ़ाएं हमारा स्वाभिमान।
मुख्य संपादक: क्रांतिकारी सुरेंदर सिंह रावत 🙏



