सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्थापित होंगे एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस : स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल

पहाड़ की दहाड़ न्यूज
देहरादून, 1 जुलाई।
नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित “पांचवें डॉक्टर ऑफ़ द ईयर” सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी। इन केंद्रों के माध्यम से राज्य के चिकित्सकों को भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी चुनौतियों एवं अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्री उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 के अंत तक राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूर्ण कर ली जाएंगी तथा पदोन्नति की प्रक्रिया को भी शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक अलग काडर तैयार किया जाएगा, जिससे चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और विशेषज्ञता को नई मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों को तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ चिकित्सक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।
उन्होंने सभी मेडिकल कॉलेजों से योग एवं ध्यान को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि चिकित्सकों एवं मेडिकल छात्रों को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित रहकर देश और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश भर से चयनित 32 उत्कृष्ट चिकित्सकों को वर्ष 2026 के “डॉक्टर ऑफ़ द ईयर” पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त तीन चिकित्सकों को “आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवॉर्ड” तथा तीन चिकित्सकों को “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” प्रदान कर उनके चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी कार्मिकों के कल्याण, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पहाड़ की दहाड़ न्यूज़ पर हर ताजी खबर Update सबसे पहले अपने फोन पर देखने के लिए नीचे दिए गए QR को Google Camera खोलकर Scan करें 👇

हमारे सभी Channel को Follow करें
आप सभी को कैसा लगता है हमारा काम?
Social Media पर Review देकर बढ़ाएं हमारा स्वाभिमान।
मुख्य संपादक: क्रांतिकारी सुरेंदर सिंह रावत🙏



