कल आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में सुरक्षा का रहेगा मजबूत पहरा

पहाड़ की दहाड़ न्यूज
एसएसपी श्वेता चौबे ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश— निष्पक्षता, सुरक्षा एवं सुगम यातायात रहे सर्वोच्च प्राथमिकता, नकल माफियाओं और संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाए पैनी नजर
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में सकुशल संपन्न कराने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने परीक्षा से पूर्व स्वयं परीक्षा केंद्र पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी द्वारा परीक्षा केंद्र परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा केंद्र के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया गया। उन्होंने केंद्र में स्थापित जैमर एवं सीसीटीवी (CCTV) सिस्टम की कार्यशीलता की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी जैमर एवं सीसीटीवी प्रणाली पूरी तरह सक्रिय एवं सुचारु रूप से संचालित रहे। साथ ही किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने नोडल अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी, क्षेत्राधिकारी टिहरी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टिहरी सहित ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए परीक्षा की गरिमा, गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया तथा अभ्यर्थियों के निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने एवं परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक आवाजाही को नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

परीक्षा की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए अभिसूचना इकाई, स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित इकाइयों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त, होटल, ढाबों, होम-स्टे एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों की चेकिंग तथा परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नकल माफियाओं, सॉल्वर गैंग एवं अन्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अनुचित साधन परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश न कर सकें।
टिहरी पुलिस द्वारा परीक्षा को पूर्णतः सुरक्षित, व्यवस्थित एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जनपद पुलिस परीक्षा अवधि के दौरान पूर्ण तत्परता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा की निष्पक्षता, विश्वसनीयता एवं गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
पहाड़ की दहाड़ न्यूज़ पर हर ताजी खबर Update सबसे पहले अपने फोन पर देखने के लिए नीचे दिए गए QR को Google Camera खोलकर Scan करें 👇

हमारे सभी Channel को Follow करें
आप सभी को कैसा लगता है हमारा काम?
Social Media पर Review देकर बढ़ाएं हमारा स्वाभिमान।
मुख्य संपादक: क्रांतिकारी सुरेंदर सिंह रावत🙏



