Thursday, February 12, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडटिहरी: दीनदयाल कौशल योजना से ग्रामीण युवाओं के जीवन में खुशहाली

टिहरी: दीनदयाल कौशल योजना से ग्रामीण युवाओं के जीवन में खुशहाली

आप को बता दे

टिहरी गढ़वाल: दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना से ग्रामीण युवाओं के जीवन में नई उम्मीद

हमारे संवाददाता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार की पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना जनपद टिहरी गढ़वाल के ग्रामीण बेरोजगार युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा साबित हो रही है। यह योजना न केवल युवाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर भी प्रदान कर रही है।

केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का संचालन उत्तराखंड सरकार कुशलतापूर्वक कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण युवाओं को मुफ्त प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के योग्य बनाना है। प्रदेश सरकार के कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत, टिहरी के चंबा में स्थित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना केंद्र में युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सरकार इस बात पर विशेष ध्यान दे रही है कि ग्रामीण युवा अपने कौशल के माध्यम से स्वयं का व्यवसाय कैसे शुरू करें और अपने हुनर को कैसे और बेहतर बनाएं।

स्किल डेवलपमेंट सेंटर की प्रबंधक समीक्षा रौतेला ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं का पंजीकरण उनकी आवेदनों के आधार पर किया जाता है। योजना के तहत युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ लड़कियों के लिए ब्यूटी थेरेपिस्ट और फैशन डिजाइनिंग जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 से 35 वर्ष के युवाओं, 45 वर्ष तक की महिलाओं और विकलांग व्यक्तियों के लिए है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्रों को आवास, भोजन, यूनिफॉर्म और पाठ्यपुस्तकें भी निःशुल्क प्रदान की जाती हैं।

समीक्षा रौतेला ने आगे बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन बैचों में संचालित हो रहा है, जिसमें प्रत्येक बैच में 30 से 35 युवा शामिल हैं। प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को उनके कौशल के अनुसार गीतांजलि सलून और लोटस ब्यूटी सेंटर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर भी मिल रहे हैं।

प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप, इस योजना ने कई ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता की है। उन्हें अपने कौशल के आधार पर स्वयं रोजगार सृजित करने का भी अवसर मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

समीक्षा रौतेला ने यह भी बताया कि पिछली वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के अंतर्गत ब्यूटी थेरेपिस्ट के रूप में 100 युवतियों को प्रशिक्षण के साथ नौकरियां मिलीं। वहीं, टू व्हीलर और फोर व्हीलर टेक्निकल प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद चंबा केंद्र के 200 युवाओं को देहरादून और अन्य जिलों में सर्विस टेक्नीशियन के पदों पर रोजगार प्राप्त हुआ है।

चंबा स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में प्रशिक्षण ले रही युवतियों ने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस योजना के लिए धन्यवाद दिया। विकासखंड चंबा के पंतनगर (रानीचोरी) की उषा बहुगुणा, जो प्रशिक्षण ले रही हैं, ने कहा कि इस योजना के तहत प्राप्त प्रशिक्षण उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इसे सीखने के बाद वे आत्मनिर्भर होकर अपने रोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

टिहरी गढ़वाल के कमांड गांव की प्रशिक्षु ऋषिका बटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और एडुज्वाइन ट्रेनिंग फाउंडेशन (पीआईए) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फाउंडेशन द्वारा उन्हें रहने और खाने की उत्तम सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए सरकार से ऐसी और योजनाएं चलाने की अपेक्षा की, ताकि ग्रामीण युवाओं का कौशल विकसित हो सके और उनके रोजगार के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।


RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments