आप को बता दे
दिव्यांगजन समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन्हें रोज़मर्रा की गतिविधियों में कई बाधाओं का सामना करना पड़ता है। चुनाव जैसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना न केवल उनके अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि एक समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में कदम भी है। इस दिशा में देहरादून जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है।
देहरादून, 22 जनवरी 2025: नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर देहरादून जिले में दिव्यांग मतदाताओं को मतदान में आसानी प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन ने 23 विशेष वाहनों की व्यवस्था की है। मुख्य विकास अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने इन वाहनों को नगर निगम ऋषिकेश, नगर पालिका डोईवाला, नगर पालिका मसूरी, नगर पंचायत हर्बर्टपुर, नगर पालिका विकासनगर और नगर पंचायत सेलाकुई के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नगर निगम देहरादून के लिए वाहन 23 जनवरी को रवाना किए जाएंगे। इन वाहनों में दिव्यांगजनों की सहायता के लिए व्हीलचेयर और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यह वाहन मतदान के दिन सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम, आरओ, एआरओ और बीएलओ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार दिव्यांग मतदाताओं को उनके मतदान केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग मतदाताओं को सुगमता और सम्मानपूर्वक मतदान करने की सुविधा प्रदान करना है। विशेष रूप से तैयार इन वाहनों में मौजूद सुविधाएं और कर्मचारियों का सहयोग मतदान प्रक्रिया को सहज और बाधारहित बनाने में मदद करेगा।



