आप को बता दे
बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन के कारण दुनिया भर में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग बढ़ रही है। यह तकनीक न केवल प्रदूषण को कम करती है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में, इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुविधाओं की उपलब्धता का विस्तार आवश्यक हो जाता है। देहरादून में इसी दिशा में जिलाधिकारी सविन बंसल का ड्रीम प्रोजेक्ट तेजी से प्रगति कर रहा है।
देहरादून, 22 जनवरी 2025: देहरादून में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का तेजी से विस्तार हो रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा आरंभ किया गया यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधा के उद्देश्य से लागू किया गया है। वर्तमान में शहर में सात ईवी चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं, जिनमें रायपुर चौक, सहस्त्रधारा हेलीपैड और आईटी पार्क चौक पर तीन नए स्टेशन निर्माणाधीन हैं।

प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट के तहत नेशनल हाइवे पर चार नए चार्जिंग स्टेशनों के लिए एनओसी प्रदान की थी, जिनमें से तीन स्टेशनों को जिलाधिकारी ने मौके पर स्वीकृति दी। साथ ही, नगर निगम अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। अब तक छह स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं, जबकि एक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
डीएम बंसल के इस प्रोजेक्ट को दूनवासियों और पर्यटकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। पर्यटकों की सुविधा के लिए चार्जिंग स्टेशन पर फास्ट चार्जिंग उपकरण और सौंदर्यकरण का कार्य जारी है। चार्जिंग स्टेशन प्रबंधक सागर चौधरी के अनुसार, इन स्टेशनों की सुरक्षा और सुंदरता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

जिलाधिकारी ने इसे देहरादून का पहला ईवी चार्जिंग प्रोजेक्ट बताया, जो पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 31 जनवरी तक निर्माणाधीन स्टेशनों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रोजेक्ट से इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी तेजी आई है, जिससे शहर में प्रदूषण कम होने की संभावना है।



