आप को बता दे
सहिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मिली अल्ट्रासाउंड मशीन
स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और मरीजों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण जांच की सुविधा न होने से उन्हें दूरदराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए, देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में पहली बार अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जा रही है। इस सुविधा से गर्भवती महिलाओं और मरीजों को जांच की सुविधा मिलेगी। जिलाधिकारी के कालसी ब्लॉक में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने से हो रही समस्याओं से अवगत कराया था, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम की इस पहल से करीब 180 गांवों की गर्भवती महिलाओं और मरीजों को सुविधा मिलेगी। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच मशीन भेज दी गई है और फरवरी के पहले सप्ताह से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में अल्ट्रासाउंड मशीन कार्य करने लगेगी। इस हेतु उप जिला अस्पताल विकासनगर के रेडियोलॉजिस्ट सप्ताह में दो दिन सीएचसी सहिया में अल्ट्रासाउंड जांच करेंगे।
क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार सीएचसी सहिया में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा की मांग की जा रही थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया की स्थापना के 19 वर्ष बाद अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू होने जा रही है। स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से गर्भवती महिलाओं और मरीजों को परेशानी हो रही थी। नवंबर माह में जिलाधिकारी ने कालसी ब्लॉक स्थित जनता दरबार में स्थानीय ग्रामीणों से उनकी समस्याओं को सुना और अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। फरवरी के पहले सप्ताह में अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू होने से गर्भवती महिलाओं और मरीजों को जांच के लिए विकासनगर नहीं आना पड़ेगा।



