आप को बता दे
गौकशी की घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई की रिपोर्ट
गौकशी की घटनाएं समाज में गंभीर समस्याओं का कारण बनती जा रही हैं। यह न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक अस्थिरता को भी बढ़ावा देती हैं। इस प्रकार के अपराधों से निपटने के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
पटेलनगर तथा बसंत विहार क्षेत्र में हुई गौकशी की घटनाओं का दून पुलिस ने अनावरण किया है। घटनाओं में शामिल सहारनपुर के गैंगस्टर सहित 02 अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए हैं। अभियुक्तों के तीसरे साथी को पुलिस ने टी स्टेट के जंगलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान रोके जाने पर अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस टीमों द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर किया, पुलिस द्वारा बचाव में किए गए जवाबी फायर में दो बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर और दूसरे बदमाश के हाथ में गोली लगी। घायल बदमाशों को तत्काल पुलिस द्वारा उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। एसएसपी देहरादून द्वारा अस्पताल जाकर उपस्थित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली गई।
मुठभेड़ में घायल बदमाश वकील सहारनपुर का गैंगस्टर है, जिसके विरुद्ध पशु क्रूरता सहित विभिन्न अपराधों के लगभग डेढ़ दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं। अभियुक्त पुनः गौकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए।
घटना 1: दिनांक 18/01/2025 को वादिनी उषा देवी पत्नी लालता प्रसाद, निवासी भट्टा कॉलोनी हरबंस वाला बसंत विहार देहरादून द्वारा थाना बसंत विहार पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दिनांक 17/01/2025 को उनकी गाय को चोरी करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बसंत विहार पर मुकदमा अपराध संख्या 12/25 धारा 303(2) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। अभियोग की प्रारंभिक विवेचना में अज्ञात अभियुक्तों द्वारा उक्त गौवंश को टी स्टेट के पास अवैध रूप से कटान किए जाने के साक्ष्य प्राप्त हुए, जिसकी पशु चिकित्सक से जांच कराई गई, जिसके द्वारा गौवंश कटान की पुष्टि की गई, जिस पर अभियोग में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गौवध की संबंधित धाराओं की वृद्धि की गई।
घटना 2: दिनांक 19/01/2025 को कोतवाली पटेलनगर को पटेलनगर क्षेत्रान्तर्गत अल्का डेयरी के बगल में एक सूखे तालाब के पास गौवंश के कटी अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना पर कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। मौके पर दो गौवंश कटी हुई अवस्था में पड़े थे। मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाकर पशु मांस का परीक्षण कराया गया, तो पशु चिकित्सक द्वारा उसके गौ मांस होने की पुष्टि की गई। घटना के संबंध में चौकी प्रभारी आईएसबीटी द्वारा कोतवाली पटेलनगर पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मु.अ.सं. 39/2025, धारा 11(1)/3/5 उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम तथा 3/11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया।
उक्त घटनाओं की गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा घटनाओं के अनावरण तथा अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हेतु संबंधित थाना प्रभारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए गए। जिस पर अभियुक्तों की धर पकड़ हेतु अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का अवलोकन करते हुए मुखबिर के माध्यम से संदिग्ध अभियुक्तों के संबंध में जानकारियाँ एकत्रित की गईं। इसी बीच आज दिनांक 20/01/2025 की तड़के सुबह थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा दरू चौक के पास चेकिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक टेम्पो में सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया गया, तो टेम्पो सवार व्यक्ति टेम्पो को तेजी से चलाते हुए मौके से फरार हो गए। जिस पर अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध टेम्पो की तलाश करते हुए उसे हरबजवाला के पास घेर लिया गया।
स्वयं को पुलिस टीम से घिरता हुआ देख टेम्पो सवार व्यक्तियों द्वारा टेम्पो को टी स्टेट की ओर कच्चे रास्ते पर तेजी से भगा दिया गया, जहाँ कुछ दूर आगे जाने के बाद उक्त टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया तथा टेम्पो सवार व्यक्ति टेम्पो से निकल कर जंगल की ओर भागे। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर उक्त व्यक्तियों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, पुलिस द्वारा अपने बचाव में किए गए जवाबी फायर में एक बदमाश आरिश पुत्र कल्लू के पैर तथा दूसरे बदमाश वकील उर्फ छोटा पुत्र नजीर के हाथ में गोली लगी, जिन्हें पुलिस द्वारा तत्काल उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया।
मुठभेड़ के दौरान तीसरा व्यक्ति जंगल की ओर भाग गया, जिसे पुलिस टीम द्वारा टी स्टेट के जंगलों से गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान नदीम निवासी सहारनपुर के रूप में हुई। मौके से पुलिस टीम को बदमाशों के पास से दो 315 बोर के तमंचे, 04 खोखा कारतूस तथा मौके पर पलटे टेम्पो से गौकशी में प्रयुक्त 01 चापड़, 01 कुल्हाड़ी तथा 01 छुरी बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे काफी लंबे समय से गौकशी के कार्य में लिप्त हैं। दिनांक 17/01/2025 को वे अपने एक अन्य साथी फरमान के साथ सहारनपुर से देहरादून आए थे, जहाँ उन्होंने दिनांक 17/01/2025 को टी स्टेट के पास से एक गाय को चोरी कर उसका अवैध कटान किया था। उसके बाद अभियुक्तों ने दिनांक 19/01/2025 को पटेलनगर क्षेत्र में भी गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। उक्त घटनाओं को अंजाम देने के बाद उन्होंने पशु मांस को अभियुक्त नदीम के टेम्पो से तस्करी कर ले जाया था, जिसे उन्होंने तुन्तोवाला निवासी अनीश नाम के व्यक्ति को आगे बेचने के लिए सप्लाई किया था। आज भी अभियुक्त गौकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।



