आप को बता दे
सड़क सुरक्षा में सुधार: देहरादून में निर्माण कार्यों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं ने आम जनता के लिए खतरा बढ़ा दिया है। इनमें से कई हादसे खराब सड़क निर्माण, गलत ढंग से बनाए गए स्पीड ब्रेकर और उचित सुरक्षा संकेतकों की कमी के कारण होते हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम बेहद महत्वपूर्ण हो जाते हैं। देहरादून में सड़क निर्माण और सुरक्षा उपायों को लेकर जिला प्रशासन ने ठोस निर्णय लिए हैं।

देहरादून, 28 नवंबर 2024 (जिला सूचना कार्यालय):
जिलाधिकारी सविन बंसल ने निर्माणाधीन साइटों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था और मानकों के पालन के लिए निर्देश जारी किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, शहर में सड़क सुरक्षा के व्यापक सुधारों के तहत ओएनजीसी चौक पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माण के दौरान “आगे स्पीड ब्रेकर है” का संकेत बोर्ड उसी दिन लगाया गया था। इसके साथ ही, अगले दिन कैट आइज भी लगा दी गईं, जिससे वाहन चालकों को दूर से सतर्कता का संकेत मिले।

अधिकारियों के अनुसार, यह स्पीड ब्रेकर बिटुमिनस आधारित हैं, जिन पर थर्मोप्लास्ट पेंट तीन दिन के अंतराल पर किया गया। तुरंत पेंट करने से उसके काले हो जाने की संभावना थी, इसलिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत यह कार्य पूरा किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की अन्य निर्माण स्थलों पर भी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है। इन सुधारों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और जनता को सुरक्षित परिवेश प्रदान करना है।



