आप को बता दे
सम्पूर्ण स्वास्थ्य सेवा की दिशा में अहम कदम, अहमदाबाद में चिकित्सा संस्थानों का दौरा
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं तक आमजन की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता रही है। विशेष रूप से हृदय रोग, जिसमें नवजातों और बच्चों की चिकित्सा अत्यंत जटिल मानी जाती है, उसे अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। देश के कुछ प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध उच्च स्तरीय उपचार सुविधाओं को अन्य राज्यों में लागू करने की दिशा में भी पहल हो रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों का दौरा किया, जिससे राज्य में भी उन्नत चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने किया यू.एन. मेहता अस्पताल और बी.जे. मेडिकल कॉलेज का दौरा
अहमदाबाद/देहरादून, 05 मार्च 2025
उत्तराखंड के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान अहमदाबाद स्थित यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर और बी.जे. मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थानों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर की मदद से उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों में भी बाल हृदय रोगियों के उपचार की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
गुजरात प्रवास के दौरान मंत्री डॉ. रावत ने यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर के चिकित्सा और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से हृदय रोग देखभाल, नवीनतम उपचार तकनीकों और उन्नत चिकित्सा प्रणालियों की जानकारी दी गई। मंत्री ने बताया कि यह संस्थान पीडियाट्रिक कार्डियोवैस्कुलर सिस्टम के उपचार में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और हर वर्ष विभिन्न देशों से सैकड़ों हृदय रोगी यहां उपचार के लिए आते हैं।

उत्तराखंड में भी विकसित होंगी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी इसी तरह की उच्च स्तरीय बाल हृदय चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर की सहायता से कार्ययोजना बनाई जा रही है। इस पहल से राज्य के नवजातों में हृदय रोग की समय पर पहचान और समुचित उपचार संभव हो सकेगा।
इसके बाद मंत्री ने अहमदाबाद के बी.जे. मेडिकल कॉलेज का दौरा किया, जहां उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ और विद्यार्थियों से मुलाकात कर शिक्षा प्रणाली, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर चर्चा की। उन्होंने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल का भी निरीक्षण किया, जहां मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से मिलकर उनके अनुभव भी सुने।
मंत्री ने कहा कि अहमदाबाद का सिविल अस्पताल अंगदान के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी स्थान रखता है और यहां की चिकित्सा सुविधाएं अत्यधिक उन्नत हैं। इस दौरे के माध्यम से प्राप्त अनुभवों और जानकारियों का उपयोग उत्तराखंड की चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में किया जाएगा।



