आप को बता दे
देश में वीवीआईपी दौरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, वीवीआईपी भ्रमण के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। इसी क्रम में जनपद देहरादून में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा बलों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जनपद देहरादून में वीवीआईपी भ्रमण को लेकर पुलिस बल को किया गया ब्रीफ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06-03-2025 को जनपद देहरादून में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए आज दिनांक 04-03-2025 को पुलिस लाइन देहरादून में उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल को ब्रीफ किया गया। इस ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने और अपने कर्तव्यों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान कमांडेंट 31वीं वाहिनी पीएसी प्रीति प्रियदर्शनी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह ने उपस्थित पुलिस बल को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी स्थल पर निर्धारित समय से तीन घंटे पहले पहुंचकर अपने प्रभारी अधिकारी से ड्यूटी संबंधी जानकारी प्राप्त करें। इसके अलावा, ड्यूटी स्थल और आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस बल को यह भी निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें और बिना अनुमति अपने ड्यूटी स्थल को न छोड़ें। यदि कोई पुलिसकर्मी लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ पुलिस बल की पहचान सुनिश्चित करें, उनके ड्यूटी कार्ड चेक करें और उन्हें ड्यूटी संबंधी स्पष्ट निर्देश दें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी स्थल को छोड़कर एक स्थान पर अनावश्यक रूप से एकत्रित न हो।
सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जॉलीग्रांट और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी के निर्देश दिए गए। साथ ही, ऊंची इमारतों, पानी की टंकियों आदि की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड टीम द्वारा विशेष जांच कराई जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में धर्मशालाओं, होटलों, बस और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस ब्रीफिंग में कमांडेंट 31वीं वाहिनी पीएसी प्रीति प्रियदर्शनी, एसएसपी देहरादून अजय सिंह, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ममता बोहरा सहित अन्य अधिकारी और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।



