आप को बता दे
टिहरी में बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दिए बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर अहम निर्देश
टिहरी गढ़वाल: देशभर में बाल अधिकारों की सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कई बच्चे बाल मजदूरी, शोषण और उचित शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर उत्तराखंड के टिहरी जनपद में जिला बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बाल सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में उठे अहम मुद्दे
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। बैठक में बाल कल्याण समिति की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियां और सरकारी अनुदान की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाए और सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के सदस्य स्ट्रीट चिल्ड्रन (सड़क पर रहने वाले बच्चों) के सशक्तिकरण के लिए अलग-अलग स्थानों पर ओपन कक्षाएं संचालित करें।

जरूरतमंद बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा
बैठक के दौरान बाल कल्याण समिति ने जरूरतमंद बच्चों की सहायता को लेकर कई मांगें रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कस्तूरबा गांधी विद्यालय, अखोड़ी घनसाली के लिए कंबल, बिस्तर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सीएमओ को विद्यालय के बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से कोई भी जरूरतमंद बच्चा वंचित न रहे। इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण करने और बच्चों की सुरक्षा, उपचार, विकास और पुनर्वास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
बाल अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम
बाल कल्याण समिति और प्रशासन के अधिकारी इस बात पर सहमत हुए कि बच्चों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। समिति की ओर से समाज के सभी वर्गों से अपील की गई कि अगर कहीं भी कोई बच्चा शोषण, बाल मजदूरी या किसी भी प्रकार की परेशानी का शिकार हो रहा है, तो तुरंत प्रशासन को सूचित किया जाए।

इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस बैठक में सीएमओ श्याम विजय, सीओ ओशिन जोशी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश रतूड़ी, अमिता रावत, रागनी भट्ट, एल.पी. उनियाल, महिपाल नेगी, दिनेश उनियाल, दीपक भट्ट, प्रेमसिंह, विनिता, सुखदेव बहुगुणा और रश्मि बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



