आप को बता दे
देहरादून, दिनांक 20 जनवरी 2025 : नगर निकाय निर्वाचन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह की उपस्थिति में प्रेक्षक नगर निकाय निर्वाचन अहमद इकबाल, रवनीत चीमा, अभिषेक रूहेला द्वारा जनपद में नगर निकाय निर्वाचन तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने नगर निकाय निर्वाचन में तैयारियों और व्यवस्थाओं के संबंध में प्रेक्षक राज्य निर्वाचन आयोग को मतदान से लेकर मतगणना तक के कार्मिकों, व्यवस्थाओं सहित संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 141 संवेदनशील केंद्र और 380 संवेदनशील स्थल हैं, तथा 114 अति संवेदनशील केंद्र और 302 अति संवेदनशील स्थल हैं। जनपद में कुल 4704 मतदान कर्मिक और 1454 मतगणना कर्मिकों की तैनाती की गई है। नगर निगम देहरादून हेतु 07 आरओ तैनात हैं, तथा मतगणना के दिन प्रत्येक आरओ के अंतर्गत 15-15 टेबल, और नगर निगम ऋषिकेश, नगर पालिका परिषद विकासनगर, हरबर्टपुर, नगर पंचायत सेलाकुई, नगर पालिका परिषद मसूरी और डोईवाला में 14-14 टेबल लगाई जा रही हैं।
प्रेक्षक राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पुलिस को बॉर्डर पर विशेष सक्रियता रखते हुए मादक पदार्थों के परिवहन और निर्वाचन प्रभावित करने हेतु उपयोग पर नजर रखते हुए इंटेलिजेंस मजबूत बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्मिकों के प्रशिक्षण आदि की समुचित जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की व्यवस्थाओं की वरिष्ठ अधिकारी मॉनिटरिंग करें और जो प्रथम बार आरओ ड्यूटी में लगाए गए हैं, उनके कार्यों की मॉनिटरिंग के साथ ही उनका उचित मार्गदर्शन किया जाए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रेक्षक राज्य निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निर्वाचन व्यवस्था पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रेक्षक राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का अनुसरण करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश कुमार, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, कुमकुम जोशी आदि संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



