आप को बता दे
नशे के खिलाफ अभियान: दून पुलिस का प्रयास “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” को साकार करने की ओर
नशे की समस्या न केवल समाज के नैतिक ढांचे को कमजोर करती है, बल्कि युवाओं का भविष्य भी अंधकारमय बना रही है। देशभर में नशे के कारण अपराधों में वृद्धि, पारिवारिक विघटन, और स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ रही हैं। उत्तराखंड सरकार ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” का संकल्प लिया है, जिसके तहत नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत देहरादून जिले की पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों को लेकर आम जनता को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जागरूकता अभियान का आयोजन
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दून पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ लोगों को इसके उन्मूलन में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

- कोतवाली नगर:
रेलवे स्टेशन के पास टैक्सी यूनियन के चालकों के साथ गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पाम्पलेट वितरित किए गए और उपस्थित लोगों को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई गई। - थाना नेहरू कॉलोनी:
क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाए गए। - थाना त्यूणी:
ग्राम बागी में आयोजित सभा के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई और पाम्पलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। - कोतवाली डोईवाला:
स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर नशा-मुक्ति का संदेश दिया गया। इस दौरान फ्लैक्सी और पोस्टर के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई गई। - थाना रानीपोखरी:
क्षेत्र में पोस्टर लगाकर नशे के दुष्प्रभावों को उजागर किया गया।
दून पुलिस द्वारा आमजन को यह भी बताया गया कि यदि उन्हें नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी प्राप्त हो तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर और पाम्पलेट वितरित किए गए।



