आप को बता दे
पौड़ी पुलिस का गांव-गांव व स्कूल/कॉलेजों में पहुंचकर स्कूली बच्चों तथा ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल जारी
साइबर अपराधों, मानव तस्करी व नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होने के विषय में किया गया महत्वपूर्ण संवाद।
ड्रग्स और साइबर अपराधों का प्रभाव समाज पर गहरा होता जा रहा है। नशे की लत से युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और साइबर अपराधों के कारण लोग आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए पौड़ी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत स्कूल, कॉलेजों में जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं को और गांवों में जाकर आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करें।
इस क्रम में कोतवाली श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्रीकोट में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर में आए छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को, थाना यमकेश्वर पुलिस टीम द्वारा गुरू गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्यानी में छात्र-छात्राओं को तथा थाना सतपुली पुलिस टीम द्वारा ग्राम-मोनदाडी सतपुली में उपस्थित महिला मंगल दल सदस्यों व उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान के दौरान मानव तस्करी, नशा ड्रग्स के दुष्प्रभाव, भिक्षावृत्ति, वेश्यावृत्ति, डिजीटल अरेस्ट, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, बच्चों को गुड टच बैड टच, पॉक्सो एक्ट, बच्चों में लेगिंग अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930, डायल-112, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के संबंध में भी जानकारी दी गई।
किसी भी प्रकार की सहायता या उनके क्षेत्रान्तर्गत होने वाली अवैध गतिविधियों/मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जागरूकता वाले फोटो पॉम्पलेट गांव के पंचायत भवन, बारात घर में चस्पा कर WhatsApp स्टेटस के माध्यम से भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचार-प्रसार करने हेतु बताया गया।



