आप को बता दे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा: ITBP के लिए स्थानीय उत्पादों की आपूर्ति हेतु MoU पर हस्ताक्षर
देहरादून: राज्य कैबिनेट द्वारा लिए गए निर्णय के तहत, वाईब्रेंट योजना के अन्तर्गत भारत तिब्बत-सीमा पुलिस बल (ITBP) की उत्तराखण्ड राज्य में तैनात वाहिनी/फॉरमेशनों के लिए स्थानीय उत्पादों की आपूर्ति हेतु ITBP एवं पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर जानकारी दी कि इस निर्णय के तहत सहकारी समितियों के माध्यम से लगभग 11 हजार से अधिक पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश में सालाना ₹200 करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद है। यह पहल पहाड़ी क्षेत्रों में भेड़, बकरी, कुक्कुट एवं मछलीपालकों की आर्थिकी को मजबूत करेगी और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह राज्य में पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में पशुपालकों को विपणन हेतु बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारी सरकार प्रदेश में पशुपालकों और किसानों की आजीविका को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने बताया कि यह कदम न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देगा, बल्कि कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में भी विकास को गति देगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल को किसानों और पशुपालकों के लिए एक सकारात्मक कदम बताया और कहा कि उनकी सरकार हमेशा से स्थानीय विकास के प्रति संकल्पित रही है।



