आप को बता दे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित पुलिस लाइन के शहीद स्मारक पर वीर शहीद जवानों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया और पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष में पुलिस कर्मियों के आवासीय भवनों के निर्माण के लिए ₹100 करोड़ की राशि आवंटित की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों के पौष्टिक आहार भत्ते में ₹100 की वृद्धि की जाएगी। निरीक्षकों और सहायक उप निरीक्षकों के वर्दी भत्ते में ₹3500 की वृद्धि की जाएगी। वहीं, 9,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर तैनात पुलिस और SDRF कर्मियों के लिए उच्च तुंगता भत्ता ₹200 प्रति दिन से बढ़ाकर ₹300 प्रति दिन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सरकार पुलिस बल को सशक्त और अत्याधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “हम एक ऐसे पुलिस बल के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जो हर चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम हो।”




