आप को बता दे
जीआरपी उत्तराखंड का सख्त चेकिंग अभियान जारी, होली व रमजान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

नशीली पदार्थों की तस्करी, चोरी, लूटपाट और जहरखुरानी जैसी घटनाएं रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बढ़ती चिंता का विषय बनी हुई हैं। पर्वों के दौरान ऐसे आपराधिक तत्व अधिक सक्रिय हो जाते हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा रहता है।

विशेष रूप से होली और रमजान के अवसर पर रेलवे में भारी भीड़ होती है, जिससे असामाजिक तत्वों के लिए अपराध को अंजाम देना आसान हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे पुलिस (जीआरपी) उत्तराखंड ने प्रदेशभर के रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीआरपी उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी है। होली और रमजान के मौके पर सुरक्षा को देखते हुए सभी रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चेकिंग बढ़ा दी गई है। जीआरपी की विशेष टीम संदिग्ध यात्रियों पर पैनी नजर रख रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत संज्ञान में लिया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस अभियान के तहत चेन स्नेचरों, उठाई गिरोहों और जहरखुरानी करने वाले अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रेलवे पुलिस बल ने यात्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों पर नकेल कसना है। रेलवे पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।




