आप को बता दे
गुमशुदा लोगों की बरामदगी के लिए चला विशेष अभियान, एएचटीयू की टीम ने चंपावत में हरिओम को सकुशल किया बरामद
गुमशुदा लोगों की तलाश और अज्ञात शवों की शिनाख्त एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। कई लोग विभिन्न कारणों से लापता हो जाते हैं, जिससे उनके परिवार मानसिक तनाव और चिंता में रहते हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस दिशा में प्रयास किए जाते हैं ताकि गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी हो सके और उनके परिजनों को राहत मिले। इसी उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस द्वारा “अभियान गुमशुदाओं की बरामदगी एवं अज्ञात शवों की शिनाख्त 2025” चलाया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल के पुलिस महानिरीक्षक के आदेशानुसार और चंपावत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) बनबसा द्वारा भौतिक सत्यापन की कार्रवाई के दौरान थाना पाटी से संबंधित गुमशुदा हरिओम सिंह को बरामद किया गया।
दिनांक 04 मार्च 2025 को, चंपावत जिले की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने थाना पाटी में दर्ज मु.अ.सं. 29/24, धारा 140(3) के तहत गुमशुदा हरिओम सिंह पुत्र बहादुर सिंह, निवासी ग्राम रौलमेल, पोस्ट झूडेली, थाना पाटी को पाटी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हरिओम के पिता बहादुर सिंह ने AHTU टीम को गुमशुदगी रिपोर्ट बंद करने के लिए एक लिखित प्रार्थना पत्र भी सौंपा।
पुलिस प्रशासन द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और अज्ञात शवों की शिनाख्त का अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बरामदगी के लिए शत-प्रतिशत प्रयास किए जा रहे हैं।



