आप को बता दे
देहरादून में सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, महिला गिरफ्तार
आजकल सरकारी नौकरी पाने की चाहत में कई युवा ठगी के जाल में फंस जाते हैं। नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं, जो बेरोजगार युवाओं को झूठे वादों में फंसाकर लाखों की रकम ऐंठ लेते हैं। ऐसे ही एक मामले में देहरादून पुलिस ने सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पहले भी इसी तरह के मामलों में संलिप्त रही है और उसके खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में फर्जी निकला नियुक्ति पत्र
मामला देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का है, जहां अमित कुमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रविकांता शर्मा उर्फ रविकांता कोटियाल नामक महिला ने सचिवालय में समीक्षा अधिकारी की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 26 लाख 55 हजार रुपये लिए और एक फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। जब नियुक्ति पत्र की जांच करवाई गई, तो यह पूरी तरह कूटरचित निकला।
आरोपी महिला के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस द्वारा की गई विवेचना में यह भी सामने आया कि रविकांता शर्मा पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी में लिप्त रही है और उस पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी महिला की पहचान रविकांता शर्मा उर्फ रविकांता कोटियाल (उम्र 59 वर्ष), निवासी अलकनंदा एनक्लेव, जोगीवाला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। वह वर्तमान में आयुर्वेदिक विभाग, नरेंद्र नगर में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत है।
इससे पहले दर्ज मुकदमे:
- मु0अ0सं0 107/23, धारा 420/467/468 आईपीसी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून
- मु0अ0सं0 13/25, धारा 420 आईपीसी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून
- मु0अ0सं0 463/23, धारा 420/467/468/471/120 बी आईपीसी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
पुलिस ने इस धोखाधड़ी मामले में सक्रियता दिखाते हुए रविकांता शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमेर सिंह और महिला कांस्टेबल प्रिया चौहान शामिल रहे।
देहरादून में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई युवाओं को इस तरह के गिरोहों ने अपना शिकार बनाया है। पुलिस आम जनता से अपील कर रही है कि किसी भी सरकारी नौकरी के लिए बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें और पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही किसी पर भरोसा करें।



