आप को बता दे
देहरादून: सड़कों पर शराबखोरी पर पुलिस का शिकंजा, 495 लोगों पर कार्रवाई, लाखों का जुर्माना
क्या सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना सिर्फ मस्ती है, या ये समाज के लिए गंभीर खतरा? शराब पीकर खुले में हुड़दंग करने से न सिर्फ कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। सड़क किनारे शराब पीकर हंगामा करने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, और कई मासूम इसकी चपेट में आ रहे हैं। देहरादून पुलिस इस बढ़ती समस्या को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

एक हफ्ते में 495 लोगों पर कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। बीते एक सप्ताह में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर 495 व्यक्तियों को पकड़ा। ये लोग सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थानों और गाड़ियों में बैठकर शराब पी रहे थे।

जुर्माना और सख्त हिदायत
पुलिस द्वारा सभी 495 व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की गई और उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 1,70,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की कड़ी चेतावनी भी दी।
अभियान रहेगा जारी
देहरादून पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने या हुड़दंग करने की घटना हो रही हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।



